Saraikela Road Accident : प्रेस क्लब के पत्रकारों की तत्परता से दो युवकों की जान बची, एसयूवी जब्त – एसपी की सराहनीय कार्रवाई

SHARE:

Seraikela : गुरुवार देर रात कांड्रा थाना क्षेत्र के शेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुए दो युवकों को समय रहते जीवनदान मिला। इस राहतभरी कार्रवाई में सबसे अहम भूमिका निभाई प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के पत्रकारों ने।



घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब तीन युवक पल्सर मोटरसाइकिल (JH05DL-2032) पर सवार होकर कोलाबिरा से कांड्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़े रहे।



स्थानीय राहगीरों की बेरुखी के बीच, उसी समय सरायकेला की ओर से लौट रहे प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने हालात को भांपते ही तुरंत एसपी मुकेश कुमार लुणायत को सूचना दी। साथ ही रोड एम्बुलेंस सेवा को भी अलर्ट किया। प्रेस क्लब संरक्षक संतोष कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष मनमोहन सिंह, सुमित सिंह, विश्वरूप पांडा, विपिन वार्ष्णेय, के. दुर्गा राव और बलराम पांडा ने घायलों को एम्बुलेंस में बैठाकर तत्काल टीएमएच जमशेदपुर भिजवाया।



एसपी लुणायत के निर्देश पर गम्हरिया, सिनी और सरायकेला पुलिस को अलर्ट किया गया, जिसके बाद भाग रही एसयूवी को सरायकेला पुलिस ने जब्त कर लिया। गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।



घायलों की पहचान बिरबांस निवासी लव कालिंदी और भोलाडीह निवासी प्रदीप कुंभकार के रूप में हुई है। दोनों की स्थिति अभी नाजुक बताई जा रही है और इलाज जारी है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि पत्रकारिता सिर्फ खबर तक सीमित नहीं, समाज के लिए सेवा और जागरूकता का दायित्व भी निभाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें