Potka : पोटका थाना क्षेत्र के हाता-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर पावरु शाह स्पंज कंपनी चौक के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमन मंडल के रूप में हुई है, जो राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू गांव का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, सुमन मंडल पोल्ट्री चिकन पिकअप वैन में खलासी का काम करता था। रविवार सुबह वह पिकअप वैन को पास के वॉशिंग सेंटर में खड़ा करने के बाद नाश्ता करने के लिए होटल गया था। नाश्ता करने के बाद पैदल लौटने के दौरान शाह स्पंज कंपनी से माल अनलोड कर मुख्य सड़क की ओर जा रहे ट्रक संख्या CG15DH/5176 की चपेट में आ गया।
बताया गया कि ट्रक कथित तौर पर अनियंत्रित होकर गलत दिशा में आ गया और युवक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का अगला पहिया सुमन के शरीर के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मुआवजे की मांग को लेकर 10 घंटे सड़क जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब 10 घंटे तक सड़क जाम रहने से टाटा-हाता, टाटा-चाईबासा और ओडिशा-टाटा मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर पीसी सिन्हा, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा, अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद शाह स्पंज कंपनी के प्रयास से ट्रांसपोर्ट सप्लायर द्वारा 2.50 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और आवागमन बहाल हो सका।
हादसे के बाद चालक को लोगों ने पकड़ा
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रक चालक प्रेम के साथ मारपीट की और उसे अपने कब्जे में रखा। बाद में उसे रिहा कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
दस घंटे तक चले सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

















