हल्दीपोखर में अवैध नशे के कारोबार पर रोक की मांग , ग्रामीण छात्र संघ ने विधायक संजीव सरदार को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर एवं आसपास के इलाकों में कथित रूप से संचालित अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण छात्र संघ, पोटका के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में अवैध लॉटरी, गांजा, ब्राउन शुगर और अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे विशेष रूप से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही सामाजिक वातावरण और कानून-व्यवस्था पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। छात्र संघ ने प्रशासन से इस पूरे मामले में शीघ्र एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की।


ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे से प्रशासन के वरीय अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हो।


विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पूरे क्षेत्र को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना समाज और सरकार दोनों की साझा जिम्मेदारी है। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रशासन का सहयोग करें तथा कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।

ज्ञापन सौंपने वालों में मंजू सरदार, सबिता सोरेन, संगीता मुर्मू, राकेश सरदार और मुकेश सरदार सहित ग्रामीण छात्र संघ के अन्य सदस्य शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें