Jamshedpur : डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती बाकीशोल पंचायत में मंगलवार को आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ढंग से की गई, जिसके बाद विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।
विधायक संजीव सरदार ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएँ, मांगें और आवेदन ध्यानपूर्वक सुने। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत का समाधान तुरंत और स्थल पर ही सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने कहा, “हेमंत सोरेन जी की अगुवाई वाली अबुआ सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है—जनता को योजनाओं का लाभ उनके घर-द्वार तक पहुँचाना। अब किसी परिवार को अपने अधिकारों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, यही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम में डीडीसी नागेंद्र पासवान, डुमरिया बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, प्रखंड प्रमुख गंगामणी हाँसदा, मुखिया सरस्वती बसके, 20 सूत्री समिति के अध्यक्ष भगत बास्के सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके साथ ही झामुमो डुमरिया प्रखंड के पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि और कई विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।









