विधायक संजीव सरदार ने पोटका में कंबल वितरण योजना का किया शुभारंभ

SHARE:

Potka:कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी कंबल वितरण योजना का शुभारंभ गुरुवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। इस योजना के तहत पोटका प्रखंड की 34 पंचायतों में कुल 7 हजार कंबलों का वितरण पंचायत स्तर पर किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत तेंतला, जुड़ी एवं पोटका पंचायत से हुई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। ठंड के इस मौसम में कंबल वितरण गरीब और असहाय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
विधायक ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबल गुणवत्तापूर्ण हैं और लंबे समय तक उपयोग में लाए जा सकते हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कंबल केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक ही पहुंचे, ताकि किसी भी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था न पनप सके।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने पेसा कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की कैबिनेट द्वारा पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में पेसा कानून लागू करने की मंजूरी मिलना ऐतिहासिक कदम है, जिससे ग्राम सभा और गांव की स्वशासन व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक होकर ग्राम सभा को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, मुखिया अमृत माझी, मुखिया सुकलाल सरदार, पानो सरदार, पूर्व जिप सदस्य चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, हितेश भकत, रमेश मुर्मू, बीरेन पात्र, पंचायत सचिव साधुचरण सामद, ललन ठाकुर, सुनील कुमार बेरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment