तेजस्वी को फंसाने का जवाब जनता देगी : सुधीर कुमार पप्पू

SHARE:

Jamshedpur:  समाजवादी चिंतक एवं वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और उनके परिवार को फर्जी मामलों में फंसाने की साजिश का जवाब बिहार की जनता आने वाले चुनाव में देगी।

उन्होंने कहा कि आईआरसीटीसी होटल टेंडर मामले में ईडी और सीबीआई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर काम कर रही हैं। सुधीर पप्पू ने आरोप लगाया कि भाजपा की कोशिश है कि विपक्ष के नेताओं को डराया या झुकाया जाए, लेकिन लालू यादव परिवार कभी झुकेगा नहीं।

पप्पू ने कहा, “लालू यादव का परिवार देश का एकमात्र राजनीतिक परिवार है जो आरएसएस और भाजपा की सामंतवादी तथा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ मजबूती से लड़ रहा है। भाजपा यह सोच रही है कि जैसे उसने अन्य नेताओं को ईडी-सीबीआई के डर से झुका लिया, वैसे ही लालू परिवार को भी दबा लेगी, लेकिन यह उनकी भूल है।”

उन्होंने कहा कि बिहार के प्रगतिशील, पिछड़ा, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग आज भी लालू यादव और तेजस्वी यादव के साथ मजबूती से खड़ा है।

सुधीर पप्पू ने यह भी कहा कि हर चुनाव से पहले लालू परिवार को निशाना बनाया जाता है, ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। लेकिन न्यायालय में ईडी और सीबीआई के झूठ उजागर होंगे और लालू यादव परिवार को न्याय मिलेगा।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब तेजस्वी यादव उस समय नाबालिग थे, तो उन्हें इस मामले में क्यों फंसाया गया? यह स्पष्ट रूप से राजनीतिक साजिश है, क्योंकि 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद ने सबसे अधिक सीटें जीती थीं और अब 2025 में बिहार की जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है।

Leave a Comment