पातकुम में पंचम वर्षीय नव कुंज महायज्ञ का शुभारंभ, विधायक सविता महतो व राजा प्रशांत कुमार आदित्यदेव ने किया उद्घाटन

SHARE:

Seraikela:ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत पातकुम में आयोजित पंचम वर्षीय श्री श्री नव कुंज महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को विधिवत रूप से किया गया। इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन का उद्घाटन ईचागढ़ की विधायक Savita Mahato एवं राजा Raja Prashant Kumar Adityadev ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

सोनार पातकुम परगना सोलोआना कमेटी द्वारा आयोजित इस नौ दिवसीय महायज्ञ में क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। उद्घाटन के उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नव कुंज महायज्ञ की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद, थाना प्रभारी बजरंग महतो, मुखिया राखोहरी सिंह मुंडा एवं डॉ. भूषण मुर्मू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विधायक सविता महतो ने अपने संबोधन में कहा कि पातकुम, ईचागढ़, गौरांगकोचा सहित आसपास के गांवों के सामूहिक प्रयास से इतना विशाल आयोजन संभव हो पाया है। ऐसे धार्मिक अनुष्ठान लोगों में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं तथा आपसी एकता और सात्विकता को मजबूत बनाते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष 54 संकीर्तन दल नव कुंज में भाग ले रहे हैं। विभिन्न नौ मंदिरों में लगातार नौ दिन-रात अखंड हरी नाम संकीर्तन का आयोजन होगा। 9 दिवसीय महायज्ञ का समापन 24 फरवरी को होगा।
नव कुंज महायज्ञ में झारखंड, बंगाल और उड़ीसा से प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचकर हरी नाम संकीर्तन का श्रवण करते हैं। आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, आयोजन समिति अध्यक्ष संजय मंडल, सचिव अमरनाथ यादव, कोषाध्यक्ष राखोहरि सिंह मुंडा, कालीदास आदित्यदेव, सुभाष दत्ता, सपन आदित्यदेव, पूर्व प्राचार्य जी.पी. राजवाड़, रंजीत टुडू, मनोरंजन महतो, शंभुनाथ महतो सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment