शिव मंदिर के पास सड़क पर बह रहा दूषित पानी, जन उलगुलान मोर्चा ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बड़ा शिव मंदिर के समीप मां दुर्गा अपार्टमेंट से निकलने वाला दूषित पानी और गंदगी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब डेढ़ महीने से नाली टूटे होने के कारण सीवेज का पानी सड़क पर बह रहा है और नीचे बस्ती के घरों में भी घुसने की शिकायत है। समस्या को लेकर रविवार को जन उलगुलान मोर्चा ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई और अपार्टमेंट प्रबंधन को दो दिनों में समस्या दूर करने का अल्टीमेटम दिया।

जन उलगुलान मोर्चा के नेता भरत सिंह के नेतृत्व में मुख्य संयोजक कीर्तिवास मंडल, संयोजक अजय मंडल समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। इस दौरान पश्चिम हल्द्वानी के पूर्व मुखिया खत्री सिरका और पूर्वी हल्द्वानी की मुखिया पानो मुर्मू भी मौजूद रहीं। मोर्चा के सदस्यों ने मां दुर्गा अपार्टमेंट के सेक्रेटरी और फ्लैटवासियों को मौके पर बुलाकर समस्या को लेकर जवाब-तलब किया।

सावन में गंदगी के बीच पूजा करने को मजबूर हुए श्रद्धालु

मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरा सावन का महीना बीत गया, लेकिन बड़ा शिव मंदिर के ठीक बगल में दूषित पानी बहता रहा। इससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को गंदगी के बीच से गुजरकर मंदिर पहुंचना पड़ा। उन्होंने इसे लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए नाराजगी जताई।

दो दिन में नाली दुरुस्त करने का आश्वासन

मोर्चा के विरोध के बाद अपार्टमेंट के सेक्रेटरी और निवासियों ने नाली की मरम्मत कराने का भरोसा दिया। फ्लैटवासियों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए दो दिनों का समय मांगा है। इस पर मोर्चा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में नाली की उचित मरम्मत नहीं हुई तो कार्यकर्ता अपार्टमेंट की नाली को ब्लॉक करने का कदम उठाएंगे। मोर्चा ने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी अपार्टमेंट प्रबंधन की होगी।

दुकानदारों से डस्टबिन रखने की अपील

क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए मोर्चा के सदस्यों ने आसपास के दुकानदारों से भी अपील की। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और सड़क पर कचरा नहीं फेंकने का आग्रह किया, ताकि इलाके को स्वच्छ और सुंदर रखा जा सके।

मौके पर भरत सिंह, अजय मंडल, पानो मुर्मू, कीर्तिवास मंडल, खत्री सिरका, बिप्लब कर, मंगल पात्रा, मिंटू शर्मा, अजय सतमाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय बस्तीवासी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें