Overloaded Truck : आदित्यपुर में ओवरलोड हाईवा ने बिजली पोल को मारी टक्कर, बत्ती गुल – चालक फरार, पुलिस नदारद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित भाटिया बस्ती में शुक्रवार सुबह अफरा-तफरी का माहौल तब बन गया जब एक ओवरलोड बालू लदा हाईवा (वाहन संख्या JH05CP3914) ने तेज रफ्तार में बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा बीच सड़क पर गिर गया और इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।



स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सुबह के समय हुई जब हाईवा बालू गिराने के लिए इलाके में दाखिल हो रहा था। अनियंत्रित होकर वाहन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के समय पर न पहुंचने से चालक फरार होने में सफल रहा। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी है।



घटना के बाद बिजली विभाग ने टूटे पोल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन प्रभावित क्षेत्र में अब भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। स्थानीय निवासी इस घटना के बाद कई सवाल उठा रहे हैं – क्या ओवरलोड वाहनों की जांच होती है? क्या यह मामला केवल बिजली विभाग की मरम्मत तक सीमित रहेगा या प्रशासन कोई कड़ा कदम उठाएगा?



फिलहाल, पुलिस की लापरवाही और ओवरलोडिंग की अनदेखी इस दुर्घटना को और भी गंभीर बना रही है। क्षेत्रवासी उचित जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.