‘झारखंड न कभी झुका है, न झुकेगा’, शहीद निर्मल महतो की शहादत को CM हेमंत सोरेन ने किया नमन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR : वीर शहीद निर्मल महतो की 39वीं शहादत दिवस पर शनिवार को कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और आमजन जुटे। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान पूरा परिसर ‘शहीद निर्मल महतो अमर रहें’ और झारखंडी अस्मिता से जुड़े नारों से गूंज उठा।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की धरती को महापुरुषों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। वीर शहीद निर्मल महतो जैसे बलिदानियों के संघर्ष और बलिदान की बदौलत अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड न कभी झुका है और न आगे झुकेगा।” उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन की धरती है और राज्य के विरोधी तथा षड्यंत्रकारी समय-समय पर इसे अस्थिर करने का प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे कितने भी षड्यंत्र किए जाएं, झारखंडी इससे मुकाबला करेंगे और अपना वाजिब हक लेकर रहेंगे।
हेमंत सोरेन ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो का संघर्ष सिर्फ अलग राज्य के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने झारखंड के लोगों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शहीद परिवार की बहू एवं झामुमो केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ विधायक सविता महतो के मार्गदर्शन में तथा पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में किया गया। सभा से पहले मुख्यमंत्री कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पहुंचे और शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की।
साकची से शुरू हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
शहादत दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से साकची स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुई। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद पार्टी नेता और कार्यकर्ता बिष्टुपुर स्थित शहीद स्थल चमरिया गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां शहीद निर्मल महतो की वेदी एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीद निर्मल महतो के परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद सुमन महतो समेत बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता, झारखंड आंदोलनकारी और आमजन मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया। विक्टर सोरेन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी के लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, झारखंड आंदोलनकारियों और आमजनों के प्रति आभार जताया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें