नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने गम्हरिया थाना का किया घेराव

SHARE:

Adiryapur : गम्हरिया थाना क्षेत्र के निर्मल पथ, रोड संख्या 6 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के 27 दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार को महिला समिति की सदस्यों के साथ गम्हरिया थाना का घेराव किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन पर मामले में लापरवाही और कोताही बरतने का गंभीर आरोप लगाया गया।

मृतका के पिता मंतोष गोराई ने 3 मार्च को गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने दामाद आशीष गोराई, ससुर सुभाष गोराई और सास सुप्रिया गोराई पर साजिश के तहत हत्या करने तथा साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को फांसी के फंदे से लटकाने का आरोप लगाया था। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।

प्रदर्शन कर रहे परिजनों और महिला समिति की सदस्यों ने कहा कि घटना को लगभग एक माह होने को है, लेकिन पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वे इस मामले को लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक से शिकायत करेंगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। थाना परिसर में काफी देर तक नारेबाजी होती रही और पुलिस अधिकारियों को परिजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।

Leave a Comment

और पढ़ें