एनसीएसटी की बैठक में झारखंड से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, डॉ. आशा लकड़ा ने ग्रामीणों की समस्याओं को रखा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को नई दिल्ली के द्वारका स्थित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य ने की, जबकि सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने झारखंड राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दे एनएचएआइ के चेयरमैन संतोष कुमार यादव और वरीय अधिकारियों के समक्ष रखे।

डॉ. लकड़ा ने बताया कि गुमला-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-43) के किनारे बसे कई गांवों — बेड़ो, जरिया टोली, सिघवा टोली, जरिया पीपर टोली, नहर टोली और पुराना जरिया टोली — के ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष अंडरपास नहीं होने की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास व कट की सुविधा नहीं होने से आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं।

बैठक में एनएचएआइ अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अंडरपास और कट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

साथ ही, रांची-जमशेदपुर, रांची-डालटनगंज, रांची-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग और धनबाद के समीप जीटी रोड की मरम्मत जल्द कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत गोला-राजरप्पा मार्ग पर अधिग्रहित जमीन के मुआवजे का मुद्दा भी उठा। डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को 2 करोड़ 92 लाख 54 हजार रुपये पहले ही दे चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावित ग्रामीणों को पूरा मुआवजा नहीं मिला है। आयोग ने एनएचएआइ अधिकारियों को राज्य सरकार से समन्वय स्थापित कर जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डॉ. लकड़ा ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर कनैल के पौधे लगाने पर रोक लगाई जाए, क्योंकि इससे कीट उत्पन्न होते हैं। उनकी जगह आम, करंज, पीपल, नीम और बरगद जैसे पौधे लगाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा, सभी टोल प्लाजा पर यात्री शेड के पास चालकों और यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

एनएचएआइ के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएंगे।

बैठक में एनसीएसटी के सदस्य निरूपम चाकमा, जाटोतु हुसैन नायक, सचिव प्रशांत कुमार सिंह, एनएचएआइ के सचिव संतोष कुमार यादव, मुख्य प्रबंधक चंदन कुमार सिन्हा समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.