किरीबुरू में खटाल के पुआल घर में रहस्यमयी आग, हजारों रुपये का पुआल जलकर राख

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : किरीबुरू के मुर्गापाड़ा स्थित स्वर्गीय लाल बचन यादव के खटाल में शनिवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हजारों रुपये मूल्य का पुआल जलकर राख हो गया। हालांकि परिवार के सदस्यों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की है। परिजन सुनील यादव ने बताया कि अचानक पुआल घर के ऊपर लगे एस्बेस्टस शीट के फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो पुआल घर धू-धू कर जल रहा था और चारों ओर धुआं फैल चुका था। सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और तत्काल पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

जिस स्थान पर पुआल रखा गया था, वहीं मोटरसाइकिल, पानी का मोटर, स्टेबलाइजर तथा अन्य सामान भी रखा हुआ था। आग फैलने से पहले ही सभी सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया।

घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों के अनुसार पुआल घर में बिजली की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना नहीं है। वहीं पिछले दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण बाहरी आग लगने की आशंका भी कम मानी जा रही है। बताया गया कि एक दिन पहले ही नया पुआल खरीदकर खटाल में रखा गया था।

रहस्यमयी आगजनी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो लपटें आसपास के घरों तक फैल सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।

 

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें