Potka:पोटका प्रखंड के हाड़तोपा पंचायत अंतर्गत मुर्गाघुटू में आयोजित श्री श्री सार्वजनिक बासंती पूजा में अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई पूजा में क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान पंडाल परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा, जहां ढाक-ढोल और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु पूजा-अर्चना में लीन नजर आए। अष्टमी पूजा को लेकर आयोजन समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका के विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उन्होंने पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के चरणों में माथा टेका और क्षेत्र की खुशहाली, शांति एवं विकास की कामना की। विधायक की मौजूदगी से आयोजन में उत्साह का माहौल और अधिक बढ़ गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बासंती पूजा, जिसे चैत्र दुर्गा पूजा भी कहा जाता है, बसंत ऋतु में मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। यह शारदीय दुर्गा पूजा से अलग अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राजा सुरथ ने सर्वप्रथम वसंत ऋतु में मां दुर्गा की उपासना की थी। यह पर्व शक्ति, नव ऊर्जा और नवजीवन का प्रतीक है, जो षष्ठी से प्रारंभ होकर दशमी तक चलता है।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर विद्यासागर दास, दिवाकर दास, धनपति दास, राजेश दास, जामिनी दास, शक्तिपदो दास, समीरन दास, राहुल दास, पतित पावन दास, विश्वजीत दास, विश्वनाथ नायक, पिंटू नायक, सूरज कुमार दास, शरद दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









