मोगरा। मोगरा फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय स्व. सोनाराम सिंकु एवं स्व. मानसिंह सिंकु मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में आरव स्पोर्टिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीजीसी झींकपानी को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही आरव स्पोर्टिंग के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मध्यांतर से पहले टीम ने एक गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में एक और गोल दागकर आरव स्पोर्टिंग ने मुकाबला 2-0 से अपने पक्ष में कर लिया।
मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक, सत्तारूढ़ दल एवं पश्चिमी सिंहभूम कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। विजेता टीम को बधाई देते हुए उन्होंने उपविजेता टीम के खिलाड़ियों से भी निराश न होने और मेहनत व लगन के साथ आगे बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
नव युवक संघ मोंगरा के अध्यक्ष जगन्नाथ दास ने मुख्य अतिथि को बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीम सहित अन्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण में विजेता आरव स्पोर्टिंग को 80 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी एवं फुटबॉल, उपविजेता जीजीसी झींकपानी को 60 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी एवं फुटबॉल दिया गया। तृतीय स्थान पर रही फ्रेंड्स क्लब ओडिशा को 20 हजार रुपये, ट्रॉफी एवं फुटबॉल, चतुर्थ स्थान प्राप्त कुमारडूंगी एफसी को 20 हजार रुपये, ट्रॉफी एवं फुटबॉल, पंचम स्थान पर रही जलडीहा एफसी को 10 हजार रुपये, ट्रॉफी एवं फुटबॉल तथा षष्ठम स्थान प्राप्त रॉयल स्पोर्टिंग को 10 हजार रुपये, ट्रॉफी एवं फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर रेंजर जितेंद्र प्रसाद सिंह, मुंडा सोमनाथ सिंकु, बिपिन सिंकु, निर्मल सिंकु, सुरेश दास, राजू पान, गुरुचरण सिंकु, चंद्रमोहन सिंकु सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे
















