बिहार स्पंज कंपनी के संचालन को लेकर विधायक सविता महतो की पहल, त्रिपक्षीय वार्ता में बनी सहमति

SHARE:

Chandil : चांडिल प्रखंड के हुमीद स्थित बिहार स्पंज कंपनी के गेस्ट हाउस परिसर में मंगलवार को कंपनी के सुचारु संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक सविता महतो, बिहार स्पंज पंच ग्राम प्रभावित विस्थापित समिति के प्रतिनिधि तथा कंपनी प्रबंधन के अधिकारी शामिल हुए।

बताया गया कि पंच ग्राम विस्थापित समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य सदस्यों ने कंपनी का परिचालन प्रभावित होने और कंपनी बंद होने की आशंका से विधायक को अवगत कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सविता महतो ने पहल करते हुए विस्थापित समिति, बिहार स्पंज के आर. के. शर्मा, वनराज स्टील के जीएम एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय से कंपनी को सुचारु रूप से चलाने पर चर्चा की।

बैठक के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि वर्ष 2013 में कंपनी बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है और ऐसी परिस्थिति दोबारा न बने, इसी उद्देश्य से यह वार्ता की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी के संचालन के लिए जो भी आवश्यक सहयोग होगा, वह उनके स्तर से किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर राज्य के मुख्यमंत्री से भी इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट किया कि कंपनी किसी भी हाल में बंद न हो और पंच ग्राम के विस्थापितों को निरंतर रोजगार मिलता रहे, यही उनकी प्राथमिकता है।

बैठक में झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, गुरु चरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, बिजली मांझियांन, लक्ष्मीकांत महतो, अरुण टुडू सहित पंच ग्राम प्रभावित समिति के अध्यक्ष जगन्नाथ मांझी, सचिव आशुतोष बेसरा, मदन प्रसाद, गिरी महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें