आजादनगर में सफ़ाई व्यवस्था की खुली पोल, विधायक सरयू राय ने किया क्षेत्र का निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को विधायक प्रतिनिधि निसार अहमद की अगुवाई में आजादनगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर मानगो नगर निगम की साफ़-सफ़ाई व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया। इस दौरान भाजपा आजादनगर मंडल अध्यक्ष फ़ातिमा शाहीन भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम कार्यालय से महज दस कदम की दूरी पर स्थित गांधी मैदान, मानगो से हुई, जहां गंदगी का अंबार लगा मिला। रोड नंबर-6 स्थित फुटबॉल मैदान में कचरा जमा था, जिसे स्थानीय लोग वहीं जला रहे थे। रोड नंबर-9 में नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता मिला। बाग़नशाशी मुर्दा मैदान की स्थिति और भी बदतर पाई गई, जहां पूरा मैदान डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है।

निरीक्षण के क्रम में ग़रीब कॉलोनी इमामबाड़ा के पास कचरे के ढेर मिले। ओल्ड पुरुलिया रोड, ग़रीब कॉलोनी में दुकानों के सामने नाली के कलवत को सफाई के नाम पर तोड़ दिया गया, लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी उसका पुनर्निर्माण नहीं हुआ। ओल्ड पुरुलिया रोड-5 में नईम स्टोर के सामने कचरा और नाली में जमा गंदगी के कारण नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। वहीं हड्डी गोदाम के नीचे बस्ती में नाली के अभाव में गंदा पानी खुले में बहता पाया गया। ओल्ड पुरुलिया रोड पर गणगौर के सामने की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जहां करीब 400 फीट सड़क के नए सिरे से निर्माण की आवश्यकता है।

निरीक्षण के बाद विधायक सरयू राय ने कहा कि वे मानगो नगर निगम के आयुक्त से बात कर सफाई का ठेका लेने वाली एजेंसियों का भुगतान रोकने को कहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक दबाव बनाया जाता है, तब तक काम होता है, लेकिन बाद में ठेकेदार लापरवाही बरतने लगते हैं। डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि यदि यह सेवा नहीं दी जा रही है तो संबंधित एजेंसी को तत्काल हटाकर बिल में कटौती करते हुए भुगतान किया जाए।

विधायक ने यह भी कहा कि सफाईकर्मी नालियों से निकला कचरा वहीं किनारे छोड़ देते हैं, जो पूरी तरह गलत है। लोग मजबूरी में सड़क पर ही कूड़ा जला देते हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई ठेकेदार स्वयं काम न कराकर किसी और से करवा रहे हैं, जिस पर नगर निगम को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि पश्चिम पप्पू सिंह, विधायक प्रतिनिधि उलीडीह संतोष भगत, जेडीयू उलीडीह मंडल अध्यक्ष परवीन सिंह, मनोज कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें