विधायक संजीव सरदार ने करनडीह एस.एस. हाई स्कूल में किया सोलर पैनल का उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JREDA द्वारा 10 KW क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित, स्कूल बनेगा आत्मनिर्भर

जमशेदपुर।
जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत करनडीह एस.एस. हाई स्कूल गुरुवार को एक नए ऊर्जा अध्याय का गवाह बना। यहां झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (JREDA) द्वारा स्थापित 10 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल का उद्घाटन पोटका विधायक संजीव सरदार ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया।

स्कूल की छत पर लगाए गए इस अत्याधुनिक सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना विधायक संजीव सरदार के प्रयासों का परिणाम है। यह पहल न केवल स्कूल को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि छात्रों को नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से भी अवगत कराएगी।

हर गांव-विद्यालय तक पहुँचेगा हरित ऊर्जा का संदेश” – विधायक संजीव सरदार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा –
आज का यह कदम केवल स्कूल को बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे बच्चों के लिए एक प्रेरणा है कि हमें आने वाले कल के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर ध्यान देना होगा। यह सोलर पैनल छात्रों को सिखाएगा कि प्रकृति से तालमेल बनाकर भी विकास संभव है। मेरा प्रयास है कि भविष्य में अन्य विद्यालयों और पंचायतों में भी इस तरह की पहल को आगे बढ़ाया जाए।”

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार और JREDA के सहयोग से ग्रामीण इलाकों में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए और योजनाएं लागू की जाएंगी।

छात्रों-शिक्षकों ने व्यक्त किया आभार

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शोभा कुजूर ने विधायक संजीव सरदार और JREDA का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र से स्कूल को अब निरंतर बिजली मिलेगी, जिससे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में बाधा नहीं आएगी।शिक्षकों में लूसी तिर्की, समीर टोप्पो, निवास चन्द्र पाण्डेय, तनुजा साव, रूमिता रानी और रूमा महंती समेत कई उपस्थित रहे। समारोह में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया और सौर ऊर्जा संयंत्र को देखने व उसके महत्व को समझने का अवसर पाया।

The specified slider id does not exist.