जादूगोड़ा में सीआरपीएफ समूह केंद्र के ऊपर से गुजर रही 132 केवी लाइन हटाने की मांग, विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में उठाया मामला

SHARE:

Jamshedpur:पोटका के विधायक Sanjeev Sardar ने विधानसभा में जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ समूह केंद्र के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाई टेंशन विद्युत लाइन का गंभीर मुद्दा उठाते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि जवानों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील प्रश्न है।

विधायक ने सदन को अवगत कराया कि पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित ग्राम स्वासपुर में अवस्थित Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) समूह केंद्र लगभग 165 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां जवानों के आवासीय भवन, बैरक और पारिवारिक क्वार्टर बने हुए हैं, जबकि कई अन्य निर्माण कार्य अभी प्रगति पर हैं। ऐसे में परिसर के ठीक ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाई टेंशन लाइन भविष्य में किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

संजय सरदार ने कहा कि हाई वोल्टेज लाइन की वजह से जवानों की नियमित गतिविधियां और ड्यूटी के दौरान सुरक्षा जोखिम बना रहता है। प्रशिक्षण, परेड, निर्माण कार्य या अन्य दैनिक गतिविधियों के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों को सुरक्षित आवास और कार्यस्थल देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

विधायक ने यह भी रेखांकित किया कि सीआरपीएफ समूह केंद्र के आसपास झारखंड पुलिस का सीटीसी मुसाबनी केंद्र तथा ग्राम गोपालपुर, स्वासपुर और बड़पहार स्थित हैं। ऐसे में यह केवल एक सुरक्षा बल के परिसर का मामला नहीं, बल्कि व्यापक जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लाइन को स्थानांतरित नहीं किया गया, तो भविष्य में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

सदन के माध्यम से विधायक संजीव सरदार ने सरकार से मांग की कि 132 केवी हाई टेंशन लाइन को तत्काल प्रभाव से किसी सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि जवानों और आम नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मुद्दे पर वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस संवेदनशील विषय पर कितनी तेजी से निर्णय लेती है।

Leave a Comment