Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सागजोड़ी गांव की 27 वर्षीय महिला जोबना गुड़िया, जो बीते एक माह से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी, को महाराष्ट्र में सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। महिला की सकुशल बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, जोबना गुड़िया के लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से लगातार खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच तीन दिन पूर्व महाराष्ट्र पुलिस ने गोंदिया जिले से जोबना गुड़िया को सुरक्षित बरामद कर सखी वन स्टॉप सेंटर को सौंप दिया।
सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यकर्ता द्वारा पूछताछ के दौरान महिला ने स्वयं को झारखंड के जराईकेला क्षेत्र की रहने वाली बताते हुए अपनी पहचान साझा की। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर की ओर से जराईकेला थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान को पूरे मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए समाजसेवी सह ज्योतिष महली को महिला को लाने के लिए महाराष्ट्र भेजा। वहीं, इस संबंध में मनोहरपुर के बीडीओ शंक्तिकुंज को भी जानकारी दी गई, जिनके निर्देश पर लापता महिला के भाई राजू गुड़िया एवं एक समाजसेवी को भी महाराष्ट्र रवाना किया गया।
महाराष्ट्र पहुंचने के बाद सभी लोग सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों के सहयोग से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जोबना गुड़िया को सुरक्षित घर वापस लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। प्रशासनिक समन्वय और त्वरित कार्रवाई से महिला की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी।









