Jamshedpur:झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती से मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न जिलों एवं प्रखंडों के मनरेगा कर्मी शामिल थे।
मुलाकात के दौरान कर्मियों ने सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण तथा अन्य लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि वर्षों से कार्यरत रहने के बावजूद उन्हें अब तक स्थायित्व और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने विधायक से मांगों के समाधान के लिए ठोस पहल करने का आग्रह किया।
विधायक समीर कुमार मोहंती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मनरेगा कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर कर्मियों के स्थायीकरण और अन्य मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में मनरेगा कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर सरायकेला जिला अध्यक्ष शंकर सतपति, पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष शंभू गोप, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुरई हेंब्रम, जिला सचिव अनूप पांडा, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास महतो, जिला कोषाध्यक्ष महावीर सीट, बहरागोड़ा प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार शाहा, चाकुलिया प्रखंड अध्यक्ष समीर बेरा, गुड़ाबांदा प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार पाल सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









