जमशेदपुर में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 170 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर बुलडोजर से नष्ट

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:जमशेदपुर में तेज आवाज और फायरिंग जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 170 से अधिक साइलेंसर जब्त कर सार्वजनिक रूप से नष्ट कर दिए। यह कदम शहर में बढ़ती ध्वनि प्रदूषण और आम लोगों में फैल रही दहशत को देखते हुए उठाया गया।

पुलिस के अनुसार, विशेष रूप से Royal Enfield Bullet जैसी मोटरसाइकिलों के साइलेंसर में अवैध तकनीकी बदलाव कर उन्हें इस तरह मॉडिफाई किया जा रहा था कि उससे गोली चलने जैसी तेज आवाज निकलती थी। इससे सड़क पर चल रहे लोगों और राहगीरों में भय का माहौल बन रहा था।

कार्रवाई के तहत जब्त किए गए साइलेंसरों को सड़क पर एक कतार में बिछाकर बुलडोजर से कुचल दिया गया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके। यह दृश्य देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जुटे रहे।

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर शहर के नागरिकों और विशेषज्ञों ने इसे सराहनीय तो बताया, लेकिन साथ ही इसे स्थायी समाधान के लिए अपर्याप्त भी माना। उनका कहना है कि समस्या की जड़ तक पहुंचना जरूरी है—यानी यह पता लगाया जाए कि ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर शहर में कैसे आ रहे हैं।

विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि अवैध साइलेंसर की सप्लाई करने वाले होलसेल और रिटेल कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, ऐसे मॉडिफिकेशन करने वाले मैकेनिकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और सख्त सजा दी जाए।

स्थानीय लोगों का यह भी मानना है कि थाना स्तर पर अवैध मॉडिफिकेशन सेंटरों की सूची तैयार कर नियमित निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बिना सुनियोजित और कठोर कदमों के इस समस्या पर पूरी तरह नियंत्रण पाना मुश्किल होगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.