पूर्व सैनिकों ने ‘प्रथम दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में वीर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को किया नमन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : दीपावली की पूर्व संध्या पर गोलमुरी शहीद स्मारक में आयोजित ‘प्रथम दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने देश के वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दीप जलाकर उन्हें याद किया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के जिला अध्यक्ष हवलदार विनय यादव और संयोजक पेटी ऑफिसर कुंदन कुमार सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने शहीदों के प्रति मौन श्रद्धांजलि दी।

सैनिक दीपावली की रोशनी नहीं, सीमा पर राष्ट्र रक्षा का उजाला चुनते हैं”  कुंदन कुमार सिंह

संयोजक कुंदन कुमार सिंह ने कहा, “वीरता और बलिदान सैनिकों के गौरव का ध्वज है। जब देश का नागरिक अपने घरों को दीपों से सजाता है, तब हमारे सैनिक सीमाओं पर तैनात रहकर अपने जीवन का स्वर्णिम समय राष्ट्र को समर्पित करते हैं।”

प्रदेश महामंत्री सिद्धनाथ सिंह ने शहीदों के माता-पिता को नमन करते हुए प्रथम दीप उनके नाम समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने अपने बेटों को राष्ट्र की रक्षा में समर्पित किया, वे वास्तव में राष्ट्र के अनुपम प्रेरणास्रोत हैं।

मातृशक्ति ने मानचित्र पर दीप सजाकर दी श्रद्धांजलि

शहीद स्मारक गोलमुरी में मातृशक्ति द्वारा बनाए गए भारत के मानचित्र पर दीपों की सज्जा की गई। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “हम अपने घर का पहला दीप राष्ट्र के उन वीर सपूतों को समर्पित करेंगे, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।”

स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भरता का भी लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और विदेशी उत्पादों के बहिष्कार की अपील की। पूर्व सैनिकों ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा शहीदों के सपनों का भारत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अंत में गूंजे देशभक्ति के नारे

कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। उपस्थित पूर्व सैनिकों, सैन्य मातृशक्ति और नागरिकों ने बारी-बारी से दीप जलाकर शहीदों के अमर साहस को नमन किया।

कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख लोग:
कुंदन कुमार सिंह, विनय यादव, सिद्धनाथ सिंह, अनुपम शर्मा, एल.पी. सिंह, सुरेंद्र पांडे, किशोरी प्रसाद, विश्वनवजीत जी, अमित सिंह, नरेंद्र गांगुली, जसबीर सिंह, निरंजन शर्मा सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं देशभक्त नागरिक।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें