मनोहरपुर कोयना नदी किनारे 14 करोड़ से बनेगा 400 मीटर गार्डवाल, बाढ़ से मिलेगी स्थायी राहत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur:बरसात के मौसम में कोयना नदी के उफान से जूझते मनोहरपुरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कोयना नदी पुल के पूर्वी और पश्चिमी तट पर बसे लोगों की सुरक्षा को लेकर वर्षों से उठ रही मांग अब धरातल पर उतरती दिख रही है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से 400 मीटर (करीब 1300 फीट) लंबे गार्डवाल का निर्माण किया जाएगा।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना लघु सिंचाई प्रमंडल, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) द्वारा मनोहरपुर प्रखंड की मनोहरपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत पीएचडी घाट से मीर मोहल्ला तक कोयना नदी के किनारे कराई जाएगी। रविवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक जगत माझी ने कहा कि गार्डवाल के निर्माण से नदी किनारे बसे लोगों को बाढ़, कटाव और जलभराव जैसी समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना को मजबूती देने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।

स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से प्रतीक्षित कदम बताया। बरसात के दिनों में कोयना नदी का बढ़ता जलस्तर जिस तरह से आबादी को प्रभावित करता रहा है, उसे देखते हुए यह गार्डवाल आने वाले वर्षों में जान-माल की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह जिप उपाध्यक्ष रणजीत यादव, अभियंता अशोक कुमार एवं आलोक कुमार, ठेका कंपनी के मनीष कुमार, मिथलेश कुमार, सुरेश कुमार, अखिलेश कुमार सहित बांधना उरांव, मुकेश रजक, अजहर अली, मानुएल बेक, चंचल रवानी, राकेश गोप, वशिष्ठ यादव, बिनोद सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें