Guwa:मकर संक्रांति एवं टुसू पर्व के पावन अवसर पर गुवा के जाटा हाटिंग बस्ती में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन पूरे उल्लास और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को पर्व और खेल के उत्सव में एकजुट कर दिया।
फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। शुरुआती मुकाबलों से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार देर शाम खेले गए फाइनल मुकाबले में फास्ट ट्रैक डीवीसी टीम और हैप्पी क्लब टीम आमने-सामने रहीं। कांटे के मुकाबले में फास्ट ट्रैक डीवीसी टीम ने एकमात्र निर्णायक गोल दागकर खिताब अपने नाम किया।
महिलाओं के फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भी खासा रोमांचक रहा। लालजी हार्टिंग टीम और जाटा हाटिंग टीम के बीच हुए इस मुकाबले में लालजी हार्टिंग टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज कर विजेता का ताज पहना।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में नोवामुंडी भाग एक की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, पूर्व मुखिया बड़ाजामदा राजा तिर्की एवं पूर्व मुखिया गुवा रामनाथ सामंत शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप व पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा अन्य खेल प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया।
इस सफल आयोजन में आयोजन समिति के दीनबंधु भंज, सोनू महापात्रों, टिंकू दास, विजय दास, पंकज पान सहित अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे जाटा हाटिंग बस्ती पूरे दो दिनों तक खेल और उत्सव का केंद्र बनी रही।









