माजबत में जेएमएम का शक्ति प्रदर्शन, मंत्री हफीज़ुल हसन ने प्रीति रेखा बारला के समर्थन में चलाया जनसंपर्क अभियान

SHARE:

Assam : असम के माजबत विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को फटासमल गांव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और जय भारत पार्टी की संयुक्त उम्मीदवार प्रीति रेखा बारला के समर्थन में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री Hafizul Hasan Ansari ने किया।

इस दौरान झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष Hidayatullah Khan, उपाध्यक्ष प्रनेश सोलोमन समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और जेएमएम के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

फटासमल गांव में अभियान के दौरान स्थानीय लोगों का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर उम्मीदवार के समर्थन में अपनी सहमति जताई। इस दौरान लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याओं को खुलकर सामने रखा और क्षेत्र में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री हफीज़ुल हसन अंसारी ने कहा कि माजबत की जनता अब अपने अधिकारों और विकास के लिए एक मजबूत विकल्प की तलाश में है। उन्होंने दावा किया कि जेएमएम ही वह राजनीतिक ताकत है जो आम जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाकर क्षेत्र के विकास को गति दे सकती है।

अभियान के दौरान रोजगार, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रमुख मुद्दे बने रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

वहीं Hidayatullah Khan ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, लेकिन जेएमएम के मैदान में उतरने से उम्मीद जगी है कि सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

शाम ढलते-ढलते गांव में जेएमएम के चुनाव चिन्ह ‘तीर-कमान’ के प्रति लोगों का उत्साह साफ नजर आया। खासकर टी-ट्राइब और अल्पसंख्यक समुदायों का झुकाव पार्टी की ओर बढ़ता दिख रहा है।

जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, माजबत विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है, वहीं जेएमएम भी अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी हुई है।

Leave a Comment