महाशिवरात्रि पर गुवा के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, आज निकलेगी शिव बारात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गुवा के तीनों प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्त जल, दूध और बेलपत्र लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से कुसुम घाट शिव मंदिर, योग नगर शिवालय तथा रेलवे कॉलोनी शिवालय में विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। दिनभर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

मंदिर समितियों की ओर से प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई। कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर में खिचड़ी भोग का वितरण किया गया, जबकि योग नगर शिवालय में खीर प्रसाद बांटा गया। रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय में मंदिर कमेटी के संस्थापक कुल बहादुर द्वारा खीर, पुरी, आलू-चना सब्जी और जलेबी का महाभोग श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शाम 7 बजे योग नगर शिवालय से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी, जो गाजे-बाजे और नृत्य-कीर्तन के साथ कुसुम घाट शिव मंदिर पहुंचेगी। वहां विधि-विधान से शिव-पार्वती विवाह संपन्न कराया जाएगा। महिलाएं दिनभर उपवास रखकर रात्रि जागरण करेंगी। पूरे क्षेत्र में आस्था, उल्लास और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें