महानवमी पूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

SHARE:

Chaibasa : गुवा के योग नगर में मां बसंती की पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से संपन्न हो रही है। श्री श्री बसंती दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से इस अवसर पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

शुक्रवार को महानवमी के पावन अवसर पर पंडाल में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। पुजारी द्वारा वैदिक विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना की गई। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने भक्तिभाव से पूजा में हिस्सा लिया।

मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धालुओं को पुष्पांजलि अर्पित कराई गई। भक्तों ने मां के चरणों में फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे पंडाल में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूजा उपरांत मां दुर्गा को खिचड़ी का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।

इस अवसर पर श्री श्री बसंती दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्य आयोजन स्थल पर सक्रिय रूप से मौजूद रहे। पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता का सुंदर संदेश दिया।

Leave a Comment