विश्वविद्यालय के विकास के लिए ‘मिशन मोड’ में कार्य जरूरी : कुलपति

SHARE:

Chaibasa:कोल्हान विश्वविद्यालय में आज कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के निर्देश पर IQAC की ओर से NAAC और NIRF रैंकिंग की तैयारी पर केंद्रित एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कुलपति ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय अब 16 वर्ष का हो चुका है और उसके समग्र विकास के लिए ‘मिशन मोड’ में काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “NAAC और NIRF में बेहतर ग्रेड प्राप्त करने के लिए प्रत्येक विभाग, सेल और कार्यालय को अपने-अपने स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर तुरंत अमल में लाना होगा।”

कुलपति ने सफल दीक्षांत समारोह के लिए सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यों एवं उपलब्धियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नियमित कार्यशालाओं के माध्यम से टीचिंग-लर्निंग प्रोसेस को और अधिक गुणवत्तापूर्ण और छात्र-उन्मुख बनाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “यदि हम संकल्प के साथ NAAC के मानकों पर योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ें, तो विश्वविद्यालय निश्चित रूप से बेहतर ग्रेड हासिल करेगा।”

कार्यक्रम में IQAC डायरेक्टर डॉ. रंजीत कुमार कर्ण ने अब तक की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और तीसरे चक्र (3rd Cycle) के लिए ब्लूप्रिंट साझा किया। इसके बाद डॉ. शोभित रंजन, डॉ. नीतिश महतो, डॉ. सुनीता, दांगी सोरेन और डॉ. सुनील मुर्मू ने विभिन्न मापदंडों पर आधारित एक्शन प्लान पर अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।

अंत में डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में शिक्षक, पदाधिकारी, विभागीय कर्मी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. ए.के. झा ने दी।

Leave a Comment

और पढ़ें