केएसएमएस में अटल टिंकरिंग लैब कम्युनिटी डे का आयोजन, डॉ. बी.आर. आंबेडकर जयंती पर छात्रों में नवाचार की जागी नई ऊर्जा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : Dr. B. R. Ambedkar की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर स्थित केरल समाजम मॉडल स्कूल (KSMS) में अटल टिंकरिंग लैब (ATL) कम्युनिटी डे का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन केरल समाजम हिंदी स्कूल और मिथिला हाई स्कूल, सोनारी के सहयोग से किया गया, जिसमें नवाचार, रचनात्मकता और प्रायोगिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक्स की मूलभूत जानकारी दी गई और सरल सर्किट डिजाइन करना सिखाया गया। यह सत्र पूरी तरह इंटरैक्टिव रहा, जिसमें बच्चों ने खुद अपने हाथों से सर्किट बनाकर सीखा। साथ ही, उन्हें सोल्डरिंग तकनीक के मूल सिद्धांतों से भी परिचित कराया गया, जो उनके लिए एक नया और रोचक अनुभव रहा।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण केएसएमएस के ATL छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स रहे। छात्रों ने अपने इनोवेटिव मॉडल्स के जरिए न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों को भी रोबोटिक्स और तकनीक की दुनिया में कदम रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन अटल टिंकरिंग लैब में हेडमिस्ट्रेस एवं ATL संयोजक सुजाता सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं ATL इंचार्ज राखी कृष्णा ने पूरी गतिविधियों का नेतृत्व करते हुए छात्रों को हर चरण में मार्गदर्शन दिया और सीखने की प्रक्रिया को रोचक व प्रभावी बनाया।

यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए एक सीखने का मंच बना, बल्कि उनके भीतर वैज्ञानिक सोच और नवाचार के प्रति रुचि को भी मजबूत करने में सफल रहा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.