Jamshedpur : बहुचर्चित खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल की ओर से रविवार को व्यापक जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में चांदनी चौक परसुडीह, त्रिवेणी टॉवर चौक परसुडीह और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार करीब 3,500 लोगों ने हस्ताक्षर कर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग का समर्थन किया।
जनता के पैसे का सदुपयोग और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण जरूरी : राम सिंह मुंडा
अभियान के दौरान भाजपा झारखंड प्रदेश के नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि करीब 18 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली खासमहाल–गोविंदपुर सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित होना चाहिए। जनता के पैसे का सदुपयोग हो और सड़क टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से बने, यह प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
निर्माण पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा : सुमित कुमार शर्मा
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। स्थानीय लोगों की भागीदारी से स्पष्ट है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रही है।
उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की। शर्मा ने स्पष्ट कहा कि “सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक भाजपा परसुडीह मंडल लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना जनआंदोलन जारी रखेगा।”
भाजपा नेताओं ने कहा कि खासमहाल–गोविंदपुर सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। निर्माण कार्य में देरी के कारण लोगों को लगातार परेशानी हो रही है। ऐसे में सड़क निर्माण को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में राम सिंह मुंडा, सुमित कुमार शर्मा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, पंचायत समिति सदस्य रूद्र मुंडा, विजय विश्वकर्मा, अजय सिंह, विनोद सिंह, रामप्रसाद जायसवाल, गिरिजा रंजन, दुर्गा सेनापति, आरती ओझा, बीना शर्मा, शर्मिष्ठा चक्रवर्ती, प्रकाश सांडील, विवेक मुंडा, दीपक बरनवाल, विश्वजीत चक्रवर्ती, जयंतो दास, राजेश कुमार शर्मा, केदार मंडल, राजेश कुमार सिंह, वीर बहादुर कुशवाहा, मनोज कुमार सिंह, शुभाशीष जी, रवि शर्मा, लाला कंजे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















