Jamshedpur:केवट समाज वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित 50वां गुहा निषाद जयंती समारोह टाउन हॉल सभागार में बड़ी धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के विधायक कुंवर सिंह निषाद, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के अध्यक्ष सुरेश निषाद ने की। कार्यक्रम में भगवान राम, माता सीता और निषाद समाज के राजा गुहा निषाद की प्रतिमा की पूजा अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया गया। अध्यक्ष और महामंत्री को विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित लोगों द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि निषाद समाज का गौरवपूर्ण इतिहास रामायण काल तक जाता है। राम, सीता और लक्ष्मण को नदी पार कराने वाले निषाद राज को आज भी समाज सम्मानपूर्वक पूजता है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने समाज में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता पर जोर दिया। कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे ने युवाओं को आगे आने और समाज की संरचना मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए और छत्तीसगढ़ी नृत्य की प्रस्तुति भी हुई। समारोह में विधायक कुंवर सिंह निषाद की धर्मपत्नी दंतेश्वरी निषाद, कृपा राम निषाद, सभापति वीरगांव नगर निगम दीनू निषाद, पार्षद हरि शंकर निषाद सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हजारों की संख्या में पुरुष और महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुए और अंत में सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण किया।









