Jamshedpur : कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुलिया पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 25 वर्षीय एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल कपाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता और स्थानीय सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती कुछ देर तक पुलिया पर अकेली खड़ी थी, जिसके बाद अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस ने उसे सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ शुरू की है, जहां वह मानसिक रूप से अस्थिर और परेशान अवस्था में दिखाई दे रही है तथा अधिक जानकारी देने में असमर्थ है।
पुलिस युवती की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया।
घटना के बाद डोबो पुलिया पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की।
इधर, विशेषज्ञों का कहना है कि किसी व्यक्ति के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखने पर परिजनों और आसपास के लोगों को सतर्क रहना चाहिए, ताकि समय रहते सहायता प्रदान की जा सके और ऐसे अप्रिय हालातों को रोका जा सके। फिलहाल कपाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास जारी है।










