Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में गुरुवार देर रात आपसी विवाद के दौरान एक युवक को उसके ममेरे भाई ने गोली मार दी। गोली युवक के जबड़े में लगी और आर-पार निकल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल की पहचान संजय टांडी के रूप में हुई है। संजय ने पुलिस को बताया कि उसका अपने ममेरे भाइयों अनिल सोना और कृष्णा सोना के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। तीनों एक-दूसरे के पड़ोस में रहते हैं।
संजय के अनुसार वर्ष 2024 में भी अनिल सोना ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई गई थी। गुरुवार रात वह घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के पास अनिल सोना का किसी व्यक्ति से विवाद हो रहा था। संजय बीच-बचाव करने पहुंचा, तभी अनिल ने कथित रूप से पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली उसके जबड़े को छेदते हुए बाहर निकल गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं घायल संजय टांडी का एमजीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है।









