Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह के समर्थन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बुधवार सुबह उनके गौशाला नाला रोड स्थित आवास पहुंचे और उन्हें विजश्री का आशीर्वाद दिया।
चंपई सोरेन ने इस दौरान रिंकू सिंह से चुनाव प्रचार और जनसंपर्क अभियान की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जुगसलाई के विभिन्न वार्डों में मिल रहे जनसमर्थन पर संतोष जताते हुए कहा कि रिंकू सिंह शिक्षित, सभ्य और जनसेवा की पृष्ठभूमि से आने वाली प्रत्याशी हैं।
पत्रकारों से बातचीत में चंपई सोरेन ने कहा कि जनसेवा इनके परिवार की संस्कृति और परंपरा रही है। ऐसी प्रतिबद्ध और योग्य उम्मीदवार की जीत से जुगसलाई के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में रिंकू सिंह भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
इधर, रिंकू सिंह ने वार्ड नंबर 22, एमई स्कूल रोड सहित कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों ने क्रम संख्या 08 और चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने का भरोसा दिलाया।
जनसंपर्क के दौरान रिंकू सिंह ने कहा कि जुगसलाई उनके लिए केवल एक चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। यहां का हर निवासी उनके परिवार का सदस्य है। उन्होंने कहा कि वह चुनावी वादों के साथ नहीं, बल्कि विकास के ‘वचन और दृढ़ संकल्प’ के साथ मैदान में उतरी हैं।
अपने चुनाव चिह्न “ईंटें” को अपने विजन से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक-एक ईंट से मजबूत इमारत बनती है, उसी तरह उनके इरादे और योजनाएं भी ठोस और मजबूत हैं।
अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि पूरे जुगसलाई में टाटा स्टील यूटिलिटीज (पूर्व में जुस्को) से नियमित पानी और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा महिला कॉलेज की स्थापना, बच्चों के लिए पार्क, जाम की समस्या का समाधान, पार्किंग की समुचित व्यवस्था और सभी मूलभूत सुविधाओं को सुलभ कराना उनके एजेंडे में शामिल है।
चुनावी माहौल के बीच जुगसलाई की राजनीति में यह समर्थन नई चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि मतदाता किसे अपना भरोसा सौंपते हैं।








