Jamshedpur : झारखंड क्षत्रिय संघ महिला इकाई के तत्वावधान में रविवार को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भव्य क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, झारखंड प्रशासनिक सेवा की डिप्टी कलेक्टर पारूल सिंह, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, चंद्रगुप्त सिंह, प्रभाकर सिंह, महिला इकाई की अध्यक्ष कविता परमार, महासचिव मंजू सिंह तथा युवा अध्यक्ष नीरज सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने महाराणा प्रताप एवं वीर कुंवर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को स्मरण किया।
समारोह में विभिन्न बोर्डों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 12वीं कक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ 10वीं कक्षा के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में आईसीएसई, आईएससी, सीबीएसई तथा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) बोर्ड के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बोर्डों के सिटी टॉपर्स को विशेष सम्मान दिया गया। वहीं, झारखंड क्षत्रिय संघ द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित “क्षत्रिय गौरव सम्मान” से उन प्रतिभाओं को नवाजा गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज, राज्य और देश का नाम रोशन किया है।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष समारोह में लगभग 70 मेधावी दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों, 40 बारहवीं कक्षा के छात्रों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करीब 20 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं संघ के पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समारोह उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।









