शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत नाजुक, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। शनिवार सुबह उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर रखा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात जमशेदपुर स्थित उनके घोड़ा बांदा आवास में बाथरूम में फिसलकर गिरने से उन्हें सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें टेल्को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया।

अपोलो अस्पताल के सूत्रों के अनुसार मंत्री सोरेन की स्थिति बेहद चिंताजनक है। वरिष्ठ डॉक्टरों की एक बहु-विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उन्हें गहन चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि उनके स्वास्थ्य की अगली जानकारी समयानुसार साझा की जाएगी।

इस बीच शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपोलो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर इलाज की विस्तृत जानकारी ली और मंत्री के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा रही है और उन्होंने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि मंत्री रामदास सोरेन आदिवासी समुदाय से आते हैं और झारखंड सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर पूरे प्रदेश में चिंता की लहर फैल गई है।
राजनीतिक, सामाजिक और आम नागरिकों के बीच उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं लगातार व्यक्त की जा रही हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.