सरहुल पर सरना स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन, परंपरागत रीति से की पूजा-अर्चना

SHARE:

Ranchi:झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति पूजन के महापर्व सरहुल के अवसर पर शनिवार को राजधानी रांची के सिरम टोली स्थित सरना स्थल में आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ यहां पहुंचे और आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना की।

Sarna स्थल पर पारंपरिक पोशाक में उपस्थित पाहन (आदिवासी पुजारी) ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री के कान में सरई (साल) का फूल खोंसकर उन्हें आशीर्वाद दिया गया, जो समृद्धि, प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक एकता का प्रतीक माना जाता है।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को सरहुल पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व झारखंड की प्रकृति-आधारित जीवनशैली, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।

Sarna स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के साथ इस पर्व को उल्लासपूर्वक मनाया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा, जहां प्रकृति के प्रति आस्था और संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Leave a Comment