Jamshedpur : राजधानी रांची में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने भी पूरे जमशेदपुर में शांतिपूर्ण बंद की अपील की है।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज सरकार के दमनकारी रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई में भाजपा मजबूती से उनके साथ खड़ी है। 11 अगस्त को भाजपा कार्यकर्ता जमशेदपुर की सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बंद को सफल बनाएंगे।
संजीव सिन्हा ने शहर के व्यवसायियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य, रोजगार और उनके हक-अधिकार की लड़ाई में समर्थन देते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को सफल बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्बुलेंस, अस्पताल, दवा दुकान, दूध, एलपीजी गैस सहित आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा। कांवड़िया यात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं किया जाएगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बंद को पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह बंद युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक आवाज के सम्मान के लिए है। सरकार को छात्रों की आवाज सुननी होगी और दमन की राजनीति बंद करनी होगी। छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की आवाज सड़क से सदन तक बुलंद होती रहेगी।















