Chaibasa : मेघाहातुबुरु के होनहार छात्र प्रेम एसआर ने जेईई एडवांस्ड 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 142 अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 7438वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के छात्र प्रेम बचपन से ही मेधावी रहे हैं। विद्यालयी शिक्षा के दौरान उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कई बार टॉपर रहे। शिक्षकों के अनुसार, प्रेम एक अनुशासित, गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र हैं, जिन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
प्रेम के पिता सुब्रमण्यम रमेश कुमार और माता आर. रेवती ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए इसका श्रेय उसकी अथक मेहनत, आत्मविश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों की लगन और संघर्ष का यह सुखद परिणाम है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने प्रेम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेम की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रेम एसआर की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।









