जनहित के मुद्दों पर काम करें, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाएं : विधायक सरयू राय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर, 26 अप्रैल 2025: जनता दल (यू) के प्रदेश, जिला, महानगर और थानाध्यक्षों की एक संयुक्त बैठक शनिवार को 42, बिष्टुपुर स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जद (यू) पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने की, जबकि विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने और जनहित के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने पर गहन चर्चा की गई। साथ ही एक मई को होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन सह मजदूर सम्मान समारोह की तैयारियों पर विस्तार से विचार विमर्श हुआ।

विधायक सरयू राय ने अपने संबोधन में कहा कि जद (यू) पूर्वी सिंहभूम में लगातार जनहित के मुद्दों पर मुखर होकर कार्य कर रही है, जिससे आम जनता के बीच पार्टी की सकारात्मक छवि बन रही है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी जनहित के मुद्दे सामने आएं, वहां पदाधिकारियों को सक्रिय होकर पहल करनी चाहिए। उन्होंने असंगठित मजदूरों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, जैसे ईएसआई कार्ड और ई-श्रम कार्ड के महत्व पर भी बल दिया।



बैठक में जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने सभी मोर्चा संगठनों को सम्मेलन की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। अनुसूचित जाति मोर्चा को सभागार व्यवस्था, अनुसूचित जनजाति मोर्चा को मंच सजावट, युवा मोर्चा को नगर सजावट, महिला मोर्चा को अतिथि स्वागत और ओबीसी मोर्चा को भोजन व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक स्वागत समिति भी गठित की गई है।



महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने जानकारी दी कि जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो 30 अप्रैल को जमशेदपुर दौरे पर आ रहे हैं। शहर की सीमा में विभिन्न थानाध्यक्षों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मजदूर दिवस पर मिलानी हॉल में मजदूर सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें मजदूरों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे शहर को झंडों और बैनरों से सजाया जाएगा।

बैठक में प्रदेश महासचिव संजय ठाकुर, अंजलि सिंह, कौशल कुमार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, जिला उपाध्यक्ष एम चंद्रशेखर राव, दुर्गा राव, भास्कर मुखी, सचिव प्रेम सक्सेना, मृत्युंजय सिंह, विनोद सिंह, असीम पाठक, कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, संगठन समन्वयक विजय सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश कोया, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश प्रसाद, महिला मोर्चा की अध्यक्ष अमृता मिश्रा, सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.