जमशेदपुर में कानून व्यवस्था पर उठे सवाल, लगातार दूसरे दिन गोलीबारी से दहशत का माहौल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर, 12 जुलाई 2025: शहर में अपराध का ग्राफ एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिख रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं ने न केवल शहरवासियों को दहशत में डाल दिया है, बल्कि पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना: विधायक प्रतिनिधि पर हमला

गुरुवार देर रात लगभग 9 बजे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खाऊ गली के पास उस समय सनसनी फैल गई जब सीकेपी विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। यह हमला अत्यंत भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में हुआ, जिससे साफ होता है कि अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है।समरेश सिंह को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हमलावर मौके से फरार हो गए और अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

दूसरी घटना: गल्ला व्यवसायी को बनाया निशाना

पहली घटना के महज 24 घंटे बाद शुक्रवार की रात एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। बागबेड़ा थाना अंतर्गत एलबीएसएम कॉलेज रोड के पास स्थित एक गल्ला दुकान में बैठे व्यवसायी आशीष भगत को 4-5 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने गोली मार दी। गोली आशीष के दाहिने कंधे में लगी है और उन्हें गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला

आशीष के दोस्तों के मुताबिक, 9 जुलाई को मोहल्ले में पालकी निकालने को लेकर कुछ युवकों के साथ आशीष का विवाद हुआ था। उन्हें आशंका है कि यह हमला उसी विवाद की कड़ी हो सकता है। पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस पर उठे सवाल

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद आम जनता में दहशत का माहौल है और कानून व्यवस्था पर गहरा सवाल खड़ा हो गया है। बिष्टुपुर और बागबेड़ा दोनों घटनाओं में अपराधियों का दुस्साहस साफ झलकता है, जहां उन्होंने व्यस्त इलाकों में खुलेआम गोलीबारी की और आराम से फरार हो गए।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा, लेकिन शहरवासी पुलिस की कार्रवाई को लेकर आश्वस्त नहीं दिख रहे।

The specified slider id does not exist.