Jamshedpur : जमशेदपुर में ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस बीच रेलवे प्रशासन द्वारा भेजे गए जवाब पर जनता दल (यूनाइटेड) के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने गहरी असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक का जवाब न तो संतोषजनक है और न ही उसमें उठाए गए प्रमुख मुद्दों का समाधान किया गया है।
अजय कुमार ने आरोप लगाया कि रेलवे की ओर से जो त्वरित कार्रवाई बताई गई है, उसका जमीनी असर कहीं नजर नहीं आता। वहीं अल्पकालीन और दीर्घकालीन योजनाओं का जिक्र महज औपचारिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में डीआरएम के साथ हुई बैठक में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बीते तीन महीनों में ट्रेनों की देरी का विश्लेषण और पिछले पांच वर्षों में ट्रेनों की संख्या का विस्तृत ब्योरा देने की मांग की थी, लेकिन इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कोई लिखित प्रतिवेदन अब तक नहीं दिया गया है।
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार, 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप नागरिक धरना आयोजित किया जा रहा है। यह धरना पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होगा, जिसकी पहल विधायक सरयू राय ने की है।
धरना को सफल बनाने के लिए जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। मंडल स्तर पर बैठकों के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजकों का दावा है कि इस आंदोलन को आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। धरना के माध्यम से रेलवे प्रशासन पर ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने और यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।









