तीन पंचायतों में सर्दी से राहत: विधायक संजीव सरदार ने 225 जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:सर्द मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की दिशा में झारखंड सरकार की पहल जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से नजर आई, जब जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत ब्यांगबिल, पुड़ीहासा एवं केवरादुंगरी पंचायतों के संयुक्त तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तूरामडीह यूसील टावर ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने स्वयं उपस्थित होकर बुजुर्गों और जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब, बुजुर्ग और असहाय लोगों को राहत देना केवल योजना नहीं, बल्कि सरकार की सामाजिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सुरक्षा और आत्मसम्मान सरकार की नीतियों के केंद्र में है।

इस कंबल वितरण अभियान के तहत कुल 225 कंबलों का वितरण किया गया। इनमें

केवरादुंगरी पंचायत में 122,

पुड़ीहासा पंचायत में 48,

ब्यांगबिल पंचायत में 55 कंबल शामिल रहे।


स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से मुखिया कानू मुर्मू, सोमा दिग्गी, जगत मार्डी, मनोज नाहा, सण्टु कर्मकार एवं विक्रम टुडू की उपस्थिति ने आयोजन को और प्रभावी बनाया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.