निर्मल नगर में घर गिरने से तीन घायल, बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शनिवार सुबह शहर के हुयूम पाइप क्षेत्र अंतर्गत निर्मल नगर में एक जर्जर घर का छप्पर और दीवार ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। हादसे में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेणुका दास की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।

मिट्टी के मकान में चल रहा था परिवार का जीवन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब रेणुका दास अपने दोनों बेटों—विनोद दास (47) और पविर दास (40) के साथ घर में सोई हुई थीं। अचानक जर्जर मकान की दीवार और छप्पर तेज आवाज के साथ गिर पड़ा। परिवार के चिख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल रेणुका दास को तत्काल अस्पताल भेजा गया
बस्तीवासियों की मदद से तीनों को टेंपो से एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज शुरू किया गया। बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके हाथ और पैर में कई जगह फैक्चर हुए हैं।

वृद्धा पेंशन से वंचित, गरीबी में गुजर-बसर

पीड़ित परिवार के चचेरे भाई उज्ज्वल दास ने बताया कि रेणुका दास के पति का निधन हो चुका है और दोनों बेटे दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह अपनी माँ और परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। दुखद है कि रेणुका दास को आज तक वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल सका, जिससे उनका जीवन और कठिन हो गया है।

परिवार वर्षों से मिट्टी और खपड़े से बने कच्चे मकान में रह रहा था। हाल की लगातार बारिश के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं और छत का सहारा बने बांस व रोला पूरी तरह सड़ चुके थे, जिससे यह हादसा हुआ।

स्थानीय प्रशासन से मदद की अपील

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत, पुनर्वास और वृद्धा पेंशन योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.