Jamshedpur:जमशेदपुर में बीते 11 दिनों से लापता युवक कैरव गांधी का मामला अब राजनीतिक रूप से गरमा गया है। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली।
परिवार से मुलाकात के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और आम जनता की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि लापता युवक का मामला बेहद संवेदनशील है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आ पाई है।
आदित्य साहू ने बताया कि इस मामले को लेकर 27 जनवरी को वे राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात करेंगे और लापता युवक की जल्द बरामदगी एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय स्तर पर की जा रही जांच से कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ रहा है, तो निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराना आवश्यक हो गया है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और सरकार पर लगातार दबाव बनाया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक लापता युवक का पता नहीं चल जाता और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।









