जमशेदपुर को मिला गौरव, ‘मन की बात’ कार्यक्रम से जुड़ेंगे कोल्हान के शहीद परिवार : नमन संस्था करेगी आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर, 25 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में इस बार झारखंड को विशेष प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। जमशेदपुर की सामाजिक संस्था ‘नमन’ को इस कार्यक्रम से सीधे तौर पर जोड़ा गया है, जहां कोल्हान क्षेत्र के शहीद परिवार, पूर्व सैनिक, युवा एवं समाजसेवी रविवार, 27 अप्रैल को प्रातः 11 बजे इस राष्ट्रीय प्रसारण का सामूहिक रूप से श्रवण करेंगे।

यह आयोजन साकची काशीडीह स्थित नमन कार्यालय में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शहीदों को सम्मान, उनके परिजनों से आत्मीय संवाद, तथा राष्ट्रप्रेम के संदेशों के आदान-प्रदान का भावनात्मक दृश्य उपस्थित होगा।



इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि इस आयोजन के समन्वयक ‘नमन’ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले हैं, जिन्होंने वर्षों से देशभक्ति की अलख जगाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस बार झारखंड के अलावा देशभर के 13 अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों को भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से सीधे जोड़ा जा रहा है।

गौरतलब है कि ‘मन की बात’ केवल एक संवाद माध्यम नहीं, बल्कि यह राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करने वाला सशक्त मंच बन चुका है। पीएम मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता, वोकल फॉर लोकल, नवाचार, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसे विषयों पर प्रेरणादायक संवाद कर चुके हैं।

‘नमन’ संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम जमशेदपुर ही नहीं, पूरे झारखंड के लिए गौरव और सम्मान का क्षण है, जो राष्ट्रभक्ति और जनचेतना को नई ऊर्जा से भर देगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.