संपन्न हुआ दो दिवसीय दोमुहानी संगम महोत्सव–2026

SHARE:

Jamshedpur:राष्ट्रव्यापी महापर्व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट श्रद्धा, आस्था और भक्ति के महासागर में तब्दील हो गया। 14 जनवरी 2026 को दो दिवसीय दोमुहानी संगम महोत्सव–2026 भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। हिन्दू उत्सव समिति एवं उम्मीद – एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बनारस और हरिद्वार की तर्ज पर आयोजित माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती रही। आरती के दौरान दीपों की झिलमिल रोशनी, हर-हर गंगे के जयघोष और श्रद्धालुओं की आस्था ने संगम तट को अलौकिक स्वरूप प्रदान कर दिया।
दोपहर 12 बजे हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हुई। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में 125 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि चित्रांकन प्रतियोगिता में 150 से अधिक बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों और युवाओं की सहभागिता से पूरा संगम क्षेत्र उत्सवधर्मी माहौल में रंगा नजर आया।
भजन संध्या ने बांधा समां
प्रतियोगिताओं के उपरांत प्रसिद्ध भजन गायक सोनू दुलरूवा एवं देवेंद्र पाण्डेय की टीम ने अपनी सुमधुर भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की गूंज से संगम तट देर शाम तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
51,000 दीपों से जगमगाया संगम स्थल
संध्या बेला में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद संगम तट पर 51,000 दीपकों का प्रज्वलन किया गया। दीपमालिका से आलोकित पूरा क्षेत्र अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु देर रात तक संगम तट पर डटे रहे।
आयोजन में इनकी रही सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, प्रवक्ता सुखदेव सिंह, संरक्षक शिवशंकर सिंह एवं शंकर रेड्डी की अहम भूमिका रही।
वहीं उम्मीद – एक अभियान से अमरनाथ सिंह, हेमंत सिंह, अविषेक जी, झरना देवी, शशि दीदी, संतोषी साहू, पूजा और दुर्गा देवी ने सक्रिय योगदान देकर आयोजन को सफल बनाया।
गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में सांसद विद्युत महतो,
विशेष अतिथि सह मुख्य वक्ता स्थानीय विधायक सरयू राय,
तथा विशेष अतिथि पूर्वी क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू की उपस्थिति रही।
इसके अलावा समाजसेवी चन्दन मित्तल, शंभूनाथ, मुकेश मित्तल, आनंद विहारी दुबे, धर्मेंद्र सोनकर, मनोज सिंह, अभिनाश सिंह राजा, मोहित विग, राष्ट्रीय विहिप सरायकेला जिला अध्यक्ष जे.एन. दास, संजय सिन्हा, अश्वनी झा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

Leave a Comment