Jamshedpur:शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सामुदायिक जानवरों को नियमित व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सोच एक पहल और बार्क बडिश संस्था की ओर से रविवार को बिस्टुपुर राम मंदिर परिसर से “पोषिक भोजन रथ” को रवाना किया गया। इस सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर संस्था के सदस्यों ने विधायक सरयू राय का गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। मौके पर संस्था के सदस्यों से संवाद के दौरान विधायक ने उनके अनुभवों को सुना और दैनिक कार्यों के बाद भी समय निकालकर जानवरों की सेवा करने के जज़्बे की मुक्तकंठ से सराहना की।
विधायक सरयू राय ने कहा कि शहर में कामकाजी जीवन के साथ-साथ जानवरों के प्रति सेवा भाव रखना अपने आप में एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह दर्शाता है कि संस्था से जुड़े सभी सदस्य अंदर से संवेदनशील हैं और समाज में पशु कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज एक ऐसे समूह से मिलने का अवसर मिला, जिनका मन और कर्म दोनों पशुओं की सेवा में रमा हुआ है।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्था द्वारा न केवल सड़कों पर रहने वाले जानवरों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है, बल्कि चिड़ियों के लिए घोंसले बनाकर पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। विधायक ने इसे एक “अनोखा और प्रेरणादायी प्रयास” बताया।
इसके पश्चात विधायक सरयू राय ने जानवरों के लिए भोजन लेकर जाने वाले रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संस्था का मुख्य उद्देश्य है कि सड़क किनारे रहने वाला कोई भी जानवर भूखा न रहे, बीमार अथवा दुर्घटना से पीड़ित जानवरों को समय पर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर विनीत सहाय, मनीष कुमार, विवेक गुप्ता, अरुण पांडे, चारणदीप, नितेश कुमार, अंशुमान, बरनाली, मौमिता, प्रसेनजीत, सौरव सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









