छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर जमशेदपुर में तीसरे वर्ष भी निकलेगी भव्य भगवा शोभायात्रा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी सेना के तत्वावधान में लगातार तीसरे वर्ष 19 फरवरी 2026 को विशाल भगवा शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा बारीडीह दुर्गा पूजा मैदान से प्रारंभ होकर एग्रीको पुराने दुर्गा पूजा मैदान तक जाएगी।

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छत्रपति शिवाजी सेना के संस्थापक मनीष कुमार प्रसाद (मनीष सिंदे) ने बताया कि यह शोभायात्रा छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को समर्पित होगी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जमशेदपुरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है।

मनीष कुमार प्रसाद ने कहा कि छत्रपति शिवाजी सेना द्वारा यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है और हर वर्ष लोगों की सहभागिता और उत्साह में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है। इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य, अनुशासित और प्रभावशाली बनाने की तैयारी की गई है, ताकि युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ा जा सके।

शोभायात्रा के दौरान भगवा ध्वज, पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और राष्ट्रभक्ति नारों के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा।

संस्थापक मनीष कुमार प्रसाद ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा नहीं, बल्कि सुशासन, आत्मसम्मान और राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी जयंती पर निकाली जाने वाली यह भगवा शोभायात्रा समाज को एकजुट करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य करेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें